
नेशनल हाईवे-48 पर देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब कुछ अज्ञात बदमाशों ने गुजरते वाहनों को निशाना बनाते हुए पथराव शुरू कर दिया। ऋषभदेव थाना क्षेत्र के कागदर इलाके में हुई इस घटना से हाईवे पर कुछ समय के लिए भय और तनाव का माहौल बन गया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक असामाजिक तत्वों ने हाईवे से गुजर रहे कई वाहनों पर अचानक पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव इतना तेज था कि कई वाहनों के शीशे टूट गए । अचानक हुए पथराव से चालक और यात्री घबरा गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना सामने नहीं आई है। पीड़ितों में शामिल अहमदाबाद के टैक्सी चालक अरुण भारद्वाज ने बताया कि वह अपने क्लाइंट्स को श्रीनाथजी के दर्शन करवाकर वापस अहमदाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान ऋषभदेव क्षेत्र पार करते ही आगे चल रहे एक कंटेनर पर पत्थर फेंका गया और कुछ ही क्षण बाद उनकी टैक्सी भी बदमाशों के निशाने पर आ गई। बताया जा रहा है कि उनके पीछे चल रही गुजरात राज्य परिवहन निगम की बस पर भी पथराव किया गया। हमले में बस का अगला शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए हमले से चालकों और यात्रियों में हड़कंप मच गया। पीड़ित ड्राइवर ने रोष व्यक्त करते हुए हाईवे अथॉरिटी और प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। घटना की सूचना मिलते ही ऋषभदेव थानाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत के आधार पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।